सीबीएसई टर्म-2 एग्जाम पैटर्न: 2 से 5 सेक्शन में बंटे होंगे पेपर, मेन सब्जेक्ट में 40 अंक के प्रश्न, सॉल्व करने का टाइम 2 घंटे
सीबीएसई की 10वीं कक्षा के टर्म-2 एग्जाम्स मार्च-अप्रैल में प्रस्तावित हैं। इस परीक्षा की तैयारी सीबीएसई ने शुरू कर दी है। टर्म-2 में हिंदी और इंग्लिश सहित विभिन्न प्रमुख प्रश्न पत्र कुल 40 अंकों के होंगे। इन प्रश्न पत्रों को हल करने के लिए छात्रों को 2 घंटे का समय मिलेगा। पेंटिंग का पेपर 15 और होम साइंस का 35 अंकों का होगा। सीबीएसई द्वारा जारी सैंपल क्वेश्चन पेपर के मुताबिक, अलग-अलग विषयों के प्रश्न पत्र दाे से पांच भागों में होंगे। प्रत्येक भाग में अति लघुत्तरात्मक, लघुत्तरात्मक और विवरणात्मक प्रश्न पूछे जाएंगे।
सीबीएसई ने प्रत्येक भाग में कौन सा प्रश्न कितने अंकों का होगा, इसका विवरण भी जारी किया है। इसके साथ ही पेपर के किस सेक्शन में किस प्रश्न में विकल्प मिलेगा, इसकी जानकारी भी दी गई है। विज्ञान का प्रश्न पत्र तीन सेक्शन में आएगा। सेक्शन ए में 7 प्रश्न होंगे और प्रत्येक सवाल 2 अंकों का होगा। सेक्शन बी में 6 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न 3 अंकों का होगा। सेक्शन सी में 2 प्रश्न होंगे और प्रत्येक सवाल 4 अंकों का होगा। सीबीएसई द्वारा इंटरनल चॉइस कुछ प्रश्नों में दी जाएगी इनमें से स्टूडेंट को कोई एक प्रश्न अटैंप्ट करना है।
10वीं में इन विषयों में होगी परीक्षा
दसवीं में साइंस, एलिमेंट्स ऑफ बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी, एलीमेंट ऑफ बिजनेस, इंग्लिश लैंग्वेज एंड लिटरेचर, हिंदी ए, हिंदी बी, होम साइंस, कंप्यूटर एप्लीकेशन, मैथेमेटिक्स बेसिक, मैथेमेटिक्स स्टैंडर्ड, सोशल साइंस, एनसीसी, हिंदुस्तानी म्यूजिक मेलोडिक, हिंदुस्तानी म्यूजिक पी, हिंदुस्तानी म्यूजिक वोकल, कर्नाटक म्यूजिक मेलोडिक, इंस्ट्रूमेंट कर्नाटक म्यूजिक पी, कर्नाटक म्यूजिक वोकल, पेंटिंग, अरेबिक, बंगाली, असमी, बहासा मेलायु सहित अन्य विषयों के पेपर आयोजित किए जाएंगे।
सोशल साइंस के पेपर में 5 सेक्शन से होंगे सवाल
सोशल साइंस के पेपर में 40 अंकों के सवाल आएंगे। सेक्शन ए में एक से पांच तक प्रश्न अति लघु उत्तरात्मक होंगे। प्रत्येक प्रश्न 2 अंकों का होगा। सेक्शन बी में 6 से 8 तक शॉर्ट आंसर देने होंगे। प्रत्येक प्रश्न 3 अंकों का होगा। 80 शब्दों में ही उत्तर देना होगा। सेक्शन सी में 9 से 10 प्रश्न तक पूछे जाएंगे। ये लॉन्ग आंसर टाइप क्वेश्चन होंगे। प्रत्येक प्रश्न 5 अंकों का होगा और 120 शब्दों में इनका उत्तर देना होगा। सेक्शन डी में 11 से 12 केस बेस्ड क्वेश्चन होंगे। सेक्शन ई में तीन अंकों का एक प्रश्न दो भागों में पूछा जाएगा।
14 सवाल पूछे जाएंगे मैथेमेटिक्स के पेपर में
सीबीएसई द्वारा जारी सैंपल पेपर के अनुसार, दसवीं का गणित का पेपर एबीसी तीन भागों में आएगा। कुल 14 प्रश्न पूछे जाएंगे। सेक्शन ए में 6 प्रश्न होंगे। प्रत्येक सवाल दो अंकों का होगा। सेक्शन बी में 4 सवाल होंगे और प्रत्येक प्रश्न 3 अंकों का होगा। एक प्रश्न में विकल्प भी दिया जाएगा। इसी प्रकार सेक्शन सी में 4 प्रश्न पूछे जाएंगे।